नीमच। शहर के एकमात्र प्रमुख खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। शासकीय जिला चिकित्सालय के पास स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान पर सीएम राइज स्कूल निर्माण के लिए स्थल चयन किया गया है।
खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि इस मैदान पर निर्माण कार्य होता है तो नीमच शहर में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और मॉर्निंग वॉकर के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख स्थान समाप्त हो जाएगा।
खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार 26 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे भारत माता चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद समिति की ओर से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग की जाएगी।
समिति ने सभी खिलाड़ियों, मॉर्निंग वॉकर, प्रशिक्षकों, सामाजिक संगठनों और खेल संघों से अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस आंदोलन में शामिल होकर खेल मैदान बचाने की मुहिम को सफल बनाएं।
आयोजन की जानकारी सुनील जैन, विमल शर्मा और मनीष वर्मा ने दी।