गरोठ/पावटी। मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम पावटी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक ड्रग्स (एमडी) बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 175 ग्राम एमडी ड्रग्स, करीब 25 किलो केमिकल एवं अन्य कच्चा माल जब्त किया। साथ ही दो कारें भी जब्त की गई हैं।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पावटी गांव में ही एमडी ड्रग्स तैयार करने का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार की गई ड्रग्स की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गरोठ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।