नीमच। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष यादव द्वारा अपने ही साथ काम करने वाली एक छात्र को काम के बहाने कार्यालय बुलाकर दुष्कर्म करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस शर्मनाक घटना के विरोध मे नीमच में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए एनएसयूआई का पुतला दहन किया। कार्यकर्ता सबसे पहले भारत माता चौराहा पर एकत्रित हुए जहां से प्रदर्शन करते हुए विजय टॉकीज चौराहा और कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन होते हुए पुनः विजय टॉकीज चौराहे पर पहुंचे हैं जहां पर एनएसयूआई का पुतला दहन किया गयाहै।
विद्यार्थी परिषद की जिला छात्रा प्रमुख अश्विनी बैरागी ने बताया कि एनएसयूआई के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुभाष यादव ने संगठन में ही साथ काम करने वाली एक पीड़ित छात्रा को काम के बहाने कार्यालय बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच हो और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के नगर मंत्री शुभम बागड़ी ने कड़े शब्दों में आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, यह पुतला दहन इस बात का कड़ा संदेश है कि जो भी हमारी बहनों के साथ ऐसा कुकृत्य करेगा, उसका इसी तरह दहन होगा और उसे फांसी के फंदे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि चाहे दिल्ली हो या छत्तीसगढ़, हर साल ऐसे संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह की घिनौनी वारदातें सामने आती हैं। शैक्षणिक परिसरों (कैंपस) में छात्राओं की सुरक्षा के लिए ऐसे दूषित मानसिकता वाले संगठनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
छात्र नेताओं ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गंभीर मामलों में आरोपियों को किसी भी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण (पॉलिटिकल प्रोटेक्शन) नहीं मिलना चाहिए। कानून के तहत आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा कदम उठाने की हिम्मत न कर सके। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और स्थानीय छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।