नीमच। प्रदेश के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार नीमच में 24 से 26 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन स्टेट चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन एवं स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में नगर पालिका स्विमिंग पूल परिसर में किया जाएगा।
आयोजन समिति द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल अधिकारी भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित होंगी।
ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को स्विमिंग, साइकिलिंग एवं रनिंग जैसी तीन अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना होगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करने के साथ-साथ नीमच की खेल प्रतिभा, संगठन क्षमता और मेहमाननवाजी को भी प्रदेशभर में नई पहचान दिलाएगा।
आयोजन समिति ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। समिति का मानना है कि सभी के सहयोग से यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता ऐतिहासिक एवं सफल साबित होगी तथा प्रदेशभर में नीमच का गौरव बढ़ाएगी।
आयोजन सचिव एवं वॉटर स्पोर्ट्स मेंटर प्रभु मूलचंदानी तथा नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन के सचिव नितेश शर्मा आयोजन की तैयारियों में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्य जानकारी-
आयोजन : मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन स्टेट चैंपियनशिप-2026
तिथि : 24 से 26 जुलाई 2026 (शुक्रवार से रविवार)
समय : प्रातः 6:00 बजे से 9:30 बजे तक
स्थान : नगर पालिका स्विमिंग पूल, नीमच (मध्यप्रदेश)
आयोजक : नीमच जिला ट्रायथलॉन एसोसिएशन एवं स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच
प्रतियोगिता : स्विमिंग, साइकिलिंग एवं रनिंग