अशोकनगर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर में 2,000 सीटों के आधुनिक कॉल सेंटर की स्थापना की घोषणा की है। करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से 2,592 युवाओं को प्रतिमाह 20 से 25 हजार रुपए तक के रोजगार मिलने का दावा किया गया है। सिंधिया ने शुक्रवार को जिले के चार दिवसीय दौरे के तीसरे दिन यह जानकारी दी।
सिंधिया ने कहा कि यह परियोजना अशोकनगर को नया रोजगार हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। इससे स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन रुकेगा और जिले की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने इसे लखपति युवा मॉडल के विस्तार की दिशा में भी अहम पहल बताया।
5 हजार करोड़ की योजनाओं की समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित दिशा समिति की समीक्षा बैठक और बाद में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंधिया ने बताया कि जिले में करीब 5 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन योजनाओं में रोजगार सृजन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरे करने के निर्देश
बैठक में जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सिंधिया ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होंगे। अशोकनगर का प्रस्तावित कॉल सेंटर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।