उदयपुर/जयपुर। केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय PMFME कॉन्क्लेव में राजस्थान के उत्कृष्ट प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उदयपुर की दुर्गेश नंदिनी यादव को PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कॉन्क्लेव में देशभर से चयनित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने किया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान पुरस्कार एवं सम्मान समारोह, पैनल चर्चा, सफलता की कहानियों की प्रस्तुति, श्रेष्ठ कार्यों का प्रदर्शन, प्रमुख चुनौतियों पर विचार-विमर्श तथा PMFME बाजार का आयोजन किया गया।
उत्कृष्ट कार्य के आधार पर हुआ चयन-
मंत्रालय द्वारा PMFME योजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला संसाधन व्यक्तियों (DRP) एवं जिला नोडल अधिकारियों (DNO) के कार्यों का मूल्यांकन किया गया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान से उदयपुर की दुर्गेश नंदिनी यादव एवं भरतपुर के पुरुषोत्तम जाट का DRP श्रेणी में चयन किया गया।
दुर्गेश नंदिनी यादव को राष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान उदयपुर सहित पूरे राजस्थान के लिए गौरव की उपलब्धि है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय स्तर पर किए गए कार्यों के लिए उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली।
राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से राजस्थान में PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देने तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई पहचान मिली है।