प्रतापगढ़। शहर में मंगलवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह, उमंग और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से शहर में भव्य जुलूस निकाला गया। इसमें प्रतापगढ़ शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
आयोजन के तहत अंजुमन फुरकानिया के बैनर तले बावड़ी मोहल्ला से बैंड-बाजों के साथ जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में छोटे बच्चे धार्मिक नारे लगाते हुए शामिल हुए, वहीं हाथों में धार्मिक पताकाएं थामे युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस-
जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। शहर के विभिन्न स्थानों पर बोहरा समाज एवं सामाजिक संगठनों की ओर से जुलूस का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर शहर काजी एवं उलेमाओं का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। जुलूस में ऊंट और घोड़ों पर सवार बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। वहीं शहर की विभिन्न मस्जिदों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया।
पीर बाग पहुंचकर हुआ समापन-
शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस पीर बाग पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। आयोजन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरे आयोजन के दौरान निगरानी रखी गई।