मनासा। मुस्लिम समाज द्वारा रसूले पाक हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मुबारक अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षाेल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देशभक्ति के गीतों एवं पैगंबर साहब की शान में लगाए गए नारों के साथ भव्य चल समारोह निकाला गया।
जुलूस की शुरुआत जूनासाथ मोहल्ला से हुई। जुलूस सब्जी मंडी, सदर बाजार एवं गांधी चौक होते हुए पुनः जूनासाथ पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। जुलूस के दौरान शहर में उत्साह का माहौल रहा।
समाजजनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी। पर्व के अवसर पर मुस्लिम समाज के घरों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
जुलूस में खुली जीप में शहर काजी मारूफ रज़ा भी मौजूद रहे। जुलूस का आयोजन शहर काजी के मार्गदर्शन एवं मुस्लिम समाज अध्यक्ष जाहिद पठान के निर्देशन में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन जुलूस में शामिल हुए।