इंदौर के राऊ इलाके में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार इनोवा ने चार दोपहिया वाहन और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें एक बुजुर्ग को गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को निजी अस्पताल भेजा गया है।
श्रमिक कॉलोनी के पास हादसा
राऊ पुलिस के मुताबिक, हादसा श्रमिक कॉलोनी के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार इनोवा ने पहले एक एक्टिवा और फिर तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
एसीपी मौके पर पहुंचीं, घायलों को अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी निधि सक्सेना पहुंचीं। एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने एफआरवी की मदद से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
इनोवा जब्त, ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल इनोवा को जब्त कर लिया है। ड्राइवर को हिरासत में लेकर राऊ थाने ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।