खरगोन। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की यौमे पैदाइश के मुबारक मौके पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व शहर में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खरगोन में भव्य शान-ए-जुलूस निकाला गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।
जुलूस का आगाज शहर की पुरानी सब्जी मंडी से हुआ। जुलूस मोहन टॉकीज, गुरुद्वारा, सराफा बाजार और पोस्ट ऑफिस चौराहा होते हुए पुनः पुरानी सब्जी मंडी पहुंचा। पूरे मार्ग में जुलूस का जगह-जगह इस्तकबाल किया गया।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजजनों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा इस्तकबालिया स्टॉल लगाए गए। यहां जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए बच्चों को मिठाइयां, शरबत और तबर्रुक वितरित किया गया। शिवडोला समिति, एडवोकेट ग्रुप सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने स्टॉल लगाकर बच्चों एवं जुलूस में शामिल लोगों को विभिन्न चीजों का वितरण किया।
जुलूस के दौरान पूरे मार्ग में नारे-ए-तकबीर और नारे-ए-रिसालत की सदाएं गूंजती रहीं। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से शहर में उत्साह और खुशी का माहौल नजर आया। जुलूस में शामिल समाजजनों ने ईद मिलादुन्नबी के पैगाम को आपसी भाईचारे, इंसानियत, मोहब्बत और अमन के रूप में पेश किया।
आयोजकों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी इंसानियत, अमन, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस का समापन पुरानी सब्जी मंडी में हुआ। तकरीर कर दुआ के साथ जुलुस का समापन किया गया।