रामपुरा। नगर में मुस्लिम समाज द्वारा जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को हर्षाेल्लास, अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की पैदाइश के मुबारक अवसर पर शहर की गलियां ‘मेहबूब की आमद मरहबा, दाता की आमद मरहबा, नबी की आमद मरहबा’ के जयघोषों से गूंज उठीं। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मंगलवार शाम बाइक रैली निकाली गई। इससे पूर्व ‘शान-ए-मुस्तफा’ विषय पर दो दिवसीय तकरीर का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अंजुमन स्कूल से निकला भव्य जुलूस-
बुधवार सुबह करीब 8 बजे अंजुमन स्कूल से इस्लाम जमात की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल हुए। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मदरबाग पहुंचा। जुलूस का विभिन्न स्थानों पर आमजन एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जुलूस में शामिल समाजजनों ने धार्मिक सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया।
मदरबाग में बच्चों ने दी प्रस्तुतियां-
मदरबाग पहुंचने पर मदरसे के बच्चों द्वारा विभिन्न दीनी कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजजनों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के समापन पर मदरबाग में सहभोज एवं लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने सहभागिता की।