नीमच। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। पर्व को लेकर नीमच में राखी बाजार सजकर तैयार है। बारिश के बावजूद बहनों और महिलाओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। कमल चौक से फोर जीरो तक राखी की दुकानों पर खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है। रंग-बिरंगी राखियों से सजा बाजार भाई-बहन के रिश्ते की मिठास के साथ महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश भी दे रहा है।
कमल चौक से फोर जीरो तक सजा राखी बाजार-
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार राखी बाजार का विस्तार हुआ है। कमल चौक से फोर जीरो तक करीब 70 से 80 दुकानें सजी हैं। यहां 1 रुपए से लेकर 700-800 रुपए तक की आकर्षक और डिजाइनर राखियां उपलब्ध हैं। भैया-भाभी कपल राखी, भगवान के चित्रों वाली राखियां, चूड़ी राखी और चांदी की पॉलिश वाली राखियां महिलाओं को खास पसंद आ रही हैं।
बच्चों के लिए भी आकर्षक डिजाइन-
बाजार में बच्चों के लिए भी कई तरह की राखियां उपलब्ध हैं। छोटा भीम, मोटू-पतलू, स्टेशनरी और कैमरा डिजाइन वाली राखियां बच्चों को आकर्षित कर रही हैं। कुछ दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए निर्धारित राशि की खरीदारी पर फ्री गिफ्ट के ऑफर भी रखे हैं।
बारिश के बीच भी खरीदारी का उत्साह-
बारिश के बावजूद महिलाएं राखियों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रही हैं। महिलाओं का कहना है कि रक्षाबंधन उनके लिए केवल त्योहार नहीं, बल्कि भाई के प्रति प्रेम, विश्वास और उसकी लंबी उम्र की कामना का अवसर है। साथ ही यह पर्व समाज को महिला सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।
सुरक्षित समाज का संदेश-
राखी बाजार की रौनक के बीच एक महत्वपूर्ण संदेश भी सामने आ रहा है कि महिला सुरक्षा केवल परिवार के किसी एक सदस्य की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। कलाई पर बंधा रक्षासूत्र तभी सार्थक होगा, जब हर बेटी और बहन घर से लेकर समाज तक खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। बारिश के बीच सजा नीमच का राखी बाजार इस बार रिश्तों के रंगों के साथ प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और संवेदनशील समाज की उम्मीदों से भी सराबोर नजर आ रहा है।