प्रतापगढ़। नगर परिषद चुनाव से पहले वार्ड नंबर 31 के वेलो सिटी और वाटर वर्क्स रोड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। स्थानीय निवासियों ने राजनीतिक दलों के सामने स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने की मांग रखते हुए चेतावनी दी है कि उनकी मांग की अनदेखी होने पर वोट बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है।
वार्डवासियों का कहना है कि पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। सड़क, पेयजल, नाली, स्ट्रीट लाइट और सीवरेज जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चुनाव के समय वादे किए जाते हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
‘पैराशूट प्रत्याशी नहीं, स्थानीय दावेदार चाहिए’
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बार किसी बाहरी या अचानक चुनावी मैदान में उतारे जाने वाले प्रत्याशी के बजाय ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया जाए, जो लंबे समय से क्षेत्र में रह रहा हो और वार्ड की समस्याओं से परिचित हो। उनका कहना है कि जो जनता के बीच रहा है, वही उनकी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ सकता है।
15 साल के विकास का मांगा हिसाब-
वार्डवासियों ने सड़क, पानी, नाली, स्ट्रीट लाइट और सीवरेज सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अब केवल चुनावी वादों से काम नहीं चलेगा, बल्कि क्षेत्र में जमीनी विकास और जवाबदेह जनप्रतिनिधि चाहिए।
वार्ड की प्रमुख मांगें-
- सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत
- नियमित पेयजल व्यवस्था
- नालियों की सफाई एवं निर्माण
- पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था
- सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान
- अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास
स्थानीय निवासियों ने कहा कि चुनाव से पहले उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। स्थानीय प्रत्याशी को प्राथमिकता नहीं मिलने पर वोट बहिष्कार का विकल्प अपनाने की चेतावनी ने नगर परिषद चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है।