नीमच। हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के योमे पैदाइश के मुबारक अवसर पर बुधवार को नीमच में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नीमच कैंट स्थित वक्फ जामा मस्जिद से सुबह करीब 9:30 बजे भव्य जुलूस निकाला गया।
जुलूस जामा मस्जिद से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, तिलक मार्ग, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, फोर जीरो चौराहा एवं टैगोर मार्ग होते हुए पुनः जामा मस्जिद पहुंचा।
जुलूस से पूर्व नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश जैन पप्पू, जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष फिरोज पठान, सचिव सादिक हुसैन, कार्यालय मंत्री नय्यर पठान, जिला प्रवक्ता शाहबाज शेख सहित समाजसेवी एवं गणमान्यजन जामा मस्जिद पहुंचे।
इस दौरान सभी मदरसों के नन्हे-मुन्ने बच्चों को मिठाई, बिस्किट एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं राकेश जैन पप्पू ने काजी-ए-शहर नीमच जनाब सद्दाम हुसैन अत्तारी साहब की गुलपोशी कर उन्हें जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल हुए और पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।