उदयपुर। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय हुए दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और समाज में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सलमान (22) जुलूस के दौरान मिनी स्टील गन में ‘आलू बम’ पटाखा रखकर उसे फोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक धमाका हो गया और पटाखा तेज गति से उसकी गर्दन में जा लगा। गंभीर चोट लगने के बाद सलमान जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन और समाज के लोग तत्काल उसे एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रतापनगर थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी का निवासी बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। एएसआई सूरजमल मीणा के अनुसार, हादसे में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिससे श्वास नली और भोजन नली प्रभावित होने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और समाजजनों में शोक का माहौल है।
अपील- सार्वजनिक आयोजनों और जुलूसों में पटाखों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।