सिंगोली। नगर में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी बुधवार को हर्षोल्लास, अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘मेरे आका की आमद मरहबा’ सहित नातिया कलाम और धार्मिक नारों की गूंज सुनाई दी।
चादर पेश कर जुलूस का किया आगाज-
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:30 बजे हजरत रमजान अली सरकार के आस्ताने पर चादर पेश करने के साथ हुई। इसके बाद मदरसा गोशिया से बैंड-बाजों के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना हुआ। समाजजन इस्लामिक परचम लहराते हुए नातिया कलाम पढ़ते हुए जुलूस में शामिल हुए। बच्चे और युवा भी उत्साह के साथ जुलूस का हिस्सा बने।
जुलूस ईदगाह परिसर, विवेकानंद बाजार, पुराना बस स्टैंड, बापू बाजार, अहिंसा पथ और चौधरी मोहल्ला होते हुए जामा मस्जिद पहुंचा। यहां हजरत लाल खां मियां सरकार की दरगाह पर चादर एवं सलातो-सलाम पेश करने के बाद जुलूस का समापन हुआ।
प्रशासन रहा मुस्तैद-
जुलूस के दौरान तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा एवं राजस्व निरीक्षक प्रकाश शुक्ला सहित प्रशासनिक अमला सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद रहा।
बच्चों को वितरित किए पुरस्कार-
बाद नमाज-ए-जुहर हजरत लाल खां मियां दरगाह परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मदरसों के बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
रात्रि करीब 9 बजे पेश इमाम लाल मोहम्मद सोहरवर्दी एवं मौलाना एहसान रजा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक अवसर पर तकरीर एवं नातिया कलाम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम देर रात तक चला और अकीदत के साथ संपन्न हुआ।