अठाना/जावद। पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की विलादत के मुबारक अवसर 12 रबीउल अव्वल पर मानव सेवा एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से खिदमत-ए-खल्क अठाना की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। संस्था का यह दूसरा वार्षिक रक्तदान शिविर था, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अंजुमन जामा मस्जिद के पास आयोजित शिविर में अठाना एवं जावद क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में कुल 52 यूनिट रक्तदान हुआ।
पिछले वर्ष आयोजित शिविर में 43 यूनिट रक्तदान हुआ था। इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 52 यूनिट पहुंचा, जो समाज में रक्तदान एवं मानव सेवा के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
रक्तदाताओं का किया सम्मान-
शिविर में रक्तदाताओं का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समिति प्रमुख सत्येंद्र सिंह ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जावद शहर काजी आदिल रजा कादरी, अठाना इमाम असलम अहमद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह सिसोदिया (जीतू बना), नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बड़ोला सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन में बुरहान अली, असलम शाह, फारूक कुरैशी, इरफान बेलिम, इरफान सरवानी, नौशाद शरवानी, मुस्तफा बेलिम, अफजल बेलिम, लल्लू शाह, आजाद शेख, जाहिद बाबा, मोनू मंसूरी, रईस अली, इरफान हैदर कालवा, शाहिद हुसैन सहित अनेक समाजजनों ने सक्रिय सहयोग किया।
आयोजन समिति ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाली सेवा है। संस्था भविष्य में भी मानव सेवा से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर करती रहेगी।