तराना। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पवित्र पर्व पर बुधवार, 26 अगस्त को मुस्लिम समाज की ओर से अकीदत, उत्साह और भाईचारे के साथ तराना नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। सुबह 9 बजे बस स्टैंड स्थित हजरत सय्यद कचहरी वाले सरकार के आस्ताने से शहर काजी सफीउल्ला साहब की सरपरस्ती में जुलूस का शुभारंभ हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते जुलूस के दौरान ‘सरकार की आमद मरहबा’ और ‘आका की आमद मरहबा’ के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह समाजजनों और विभिन्न संगठनों ने जुलूस का स्वागत किया और तबर्रुक का एहतमाम किया।
झांकियां और आकर्षक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र
जुलूस में विभिन्न स्थानों से आए बैंड, डीजे, धुमाल, ताशा पार्टी, ढोल और इवेंट ग्रुप ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक ट्रॉलियों और मैजिक वाहनों पर तैयार की गई सीन एवं झांकियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
बेहतरीन प्रस्तुति देने वाली ट्रॉलियों और मैजिक वाहनों को नगद पुरस्कार एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
उलेमाओं ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश
जुलूस के समापन पर मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर काजी सफीउल्ला साहब और उलेमाओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए अमन, इंसानियत, मोहब्बत, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सलातो-सलाम और सामूहिक दुआ की गई। जुलूस को सफल बनाने में जलसा कमेटी के सदर अनस मेव सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शाकिर शादाब ने किया।
जनता से सवालरू तराना में ईद-ए-मिलादुन्नबी के इस आयोजन में दिखी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की तस्वीर पर आपकी क्या राय है?