प्रतापगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रतापगढ़ में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक एसडीएम कार्यालय में 135 नामांकन आवेदन जमा हो चुके थे।
नामांकन दाखिल करने के लिए कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन आवेदन जमा किए। कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास समर्थकों की भीड़ नजर आई और प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी भी हुई।
नामांकन को लेकर प्रत्याशियों के साथ आमजन में भी उत्साह दिखाई दिया। प्रतापगढ़ नगर परिषद में कुल 40 वार्ड हैं। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रतापगढ़ में नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है और मुकाबला धीरे-धीरे रोचक होता नजर आ रहा है।