पोलायकलां। फसल बीमा की राशि नहीं मिलने से नाराज ग्राम जरखी के सैकड़ों किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर पोलायकला तहसील कार्यालय पहुंचे और बीमा कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद किसानों ने पोलायकला तहसीलदार भागीरथ जायसवाल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से फसल बीमा योजना के तहत बीमा राशि दिलाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि फसल बीमा के लिए उनके खातों से प्रीमियम की राशि काटी गई थी, लेकिन फसल खराब होने के बावजूद उन्हें बीमा राशि का लाभ नहीं मिला। किसानों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब बीमा का प्रीमियम समय पर काट लिया गया, तो नुकसान होने पर बीमा राशि क्यों नहीं दी जा रही है।
किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच करवाकर पात्र किसानों को जल्द से जल्द फसल बीमा की राशि दिलाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।