नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच के वार्ड नंबर 16 स्थित टाल मोहल्ले में पेयजल सप्लाई का समय निर्धारित नहीं होने से रहवासियों, विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी सुबह तो कभी अलग-अलग समय पर पानी आने के कारण उपभोक्ताओं को दिनभर पानी की प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी हारून रशीद कुरैशी ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 16 के टाल मोहल्ले में पानी सप्लाई का निश्चित एवं नियमित समय निर्धारित किया जाए, ताकि रहवासियों को अपनी दैनिक दिनचर्या व्यवस्थित करने में सुविधा हो।
कुरैशी ने कहा कि पानी लोगों की मूलभूत आवश्यकता है। जब पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं होता तो महिलाओं और अन्य उपभोक्ताओं को घर पर ही इंतजार करना पड़ता है। इसके कारण वे आवश्यक कार्यों से बाहर नहीं जा पाते और उनका पूरा दिन प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में पानी सप्लाई का समय सार्वजनिक रूप से निर्धारित कर उसकी जानकारी रहवासियों को दी जानी चाहिए। यदि किसी तकनीकी कारण या अन्य वजह से निर्धारित समय में पानी की सप्लाई संभव नहीं हो तो इसकी पूर्व सूचना भी उपभोक्ताओं को दी जाए।
हारून रशीद कुरैशी ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि टाल मोहल्ले की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पानी सप्लाई का समय निश्चित किया जाए और उसका नियमित रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रहवासियों को राहत मिल सके।