नीमच। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर प्रशासनिक निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी से लेकर जांच, दवा वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली।
सीईओ वैष्णव ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली। मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया, हेल्प डेस्क, मरीजों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था को समझा। साथ ही अस्पताल पोर्टल पर होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं तथा चिकित्सकों द्वारा अनुशंसित जांचों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली।
सोनोग्राफी कक्ष और लैब का किया निरीक्षण
सीईओ ने सोनोग्राफी कक्ष और पैथोलॉजी लैब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान लैब में हाल ही में आई आधुनिक मशीनों के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि इन मशीनों को लगभग एक सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। इससे मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मरीजों से किया संवाद, सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे संवाद किया और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से यह भी पूछा कि पंजीयन, जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं आ रही है।
सीईओ ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक है, इसके बावजूद अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को पंजीयन, जांच, उपचार अथवा दवा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मरीजों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील, डॉ. मनीष यादव सहित चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।