तराना। ग्राम पंचायत सरली स्थित गौशाला में कथित अव्यवस्थाओं और गोवंश की देखरेख में लापरवाही के आरोपों के बीच तराना गौसेवक टीम ने मोर्चा खोलते हुए गौशाला का निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर गौशाला की व्यवस्थाओं, गोवंश की स्थिति, चारा-पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान 5 गायें मृत अवस्था में मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद गौसेवकों ने गौशाला संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। टीम ने आरोप लगाया कि गौशाला में व्यवस्थाओं के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।
गौसेवक टीम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए गौशाला संचालन में बरती जा रही कथित लापरवाही और अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर प्रशासन का रुख और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।