चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चित्तौड़गढ़ शहर के 10 सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में विधिक जागरूकता क्लब स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगिता पारीक ने श्री भुवनभानु सूरीश्वर जैन उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता क्लब का उद्घाटन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के महत्व की जानकारी दी गई। सचिव योगिता पारीक ने बताया कि विधिक जागरूकता का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को उसके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं उपलब्ध विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, बालश्रम निषेध कानून, बाल विवाह रोकथाम, बाल संरक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने आसपास के लोगों को भी कानूनी जानकारी देने तथा समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
सचिव योगिता पारीक ने कहा कि विधिक जागरूकता क्लब विद्यार्थियों में कानून के प्रति समझ विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। क्लब के माध्यम से समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ शहर के अन्य विद्यालयों में भी विधिक जागरूकता क्लब स्थापित किए गए हैं। इनमें बिरला शिक्षा केंद्र, सेंट्रल एकेडमी, हिंदुस्तान जिंक विद्यालय, मेजर नटवर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।