नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 92 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि संबंधी विवाद, अतिक्रमण हटाने, सीमांकन, पेंशन, स्वरोजगार, क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूर्व आवेदन पर त्वरित कार्रवाई से खुला रास्ता-
कलेक्टर के निर्देश पर पूर्व में जनसुनवाई में ग्राम बामनी निवासी मानक गयरी द्वारा निजी भूमि तक जाने वाले रास्ते पर जाली लगाकर अवरोध किए जाने की शिकायत का निराकरण किया गया। राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश के पालन में गठित दल ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर रास्ता खुलवाकर शिकायत का निराकरण कराया।
भूमि, पेंशन और अतिक्रमण से जुड़े आवेदन-
जनसुनवाई में फूलपुरा के रवि शर्मा ने शासकीय आबादी क्षेत्र की विवादित भूमि पर अवैध पक्का निर्माण एवं कब्जे, बघाना के अहमद खान ने वृद्धावस्था पेंशन, बनी की रामकन्याबाई ने पट्टे की भूमि पर जबरन कब्जे तथा राबडिया के प्रहलाद पाटीदार ने एमपीआईडीसी के विकास कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त कृषि सिंचाई पाइपलाइन की मरम्मत एवं क्षतिपूर्ति के संबंध में आवेदन दिया।
जावद के सलीम ने अतिक्रमण हटाने तथा धनगांव के खजवाणिया सुनाज समाज के नागरिकों ने मंदिर प्रांगण में सत्संग भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार बरूखेड़ा के दिव्यांग लालाराम बलाई ने स्वरोजगार के लिए थ्री-व्हीलर वाहन उपलब्ध कराने, कड़ी खुर्द के देवीलाल एवं रावणरूंडी के सागरमल ने कृषि भूमि के सीमांकन, नयागांव के किशोर ने अतिक्रमण हटाने तथा नीमच की उर्मिला सोनी ने कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।