नीमच। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा बैठक कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा पत्रों एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में अद्यतन एवं संपूर्ण विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित हों और लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि टेक होम राशन पात्र बच्चों एवं महिलाओं तक नियमित रूप से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। जिन समूहों द्वारा राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगरपालिका एवं नगरीय निकायों को मुख्य मार्गों के फुटपाथ सहित अन्य क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने को कहा। खराब रैंकिंग वाले विभागों को लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने तथा सभी एल-1 अधिकारियों को लंबित एवं नॉन-अटेंडेंट शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निराकरण योग्य शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। जिला अधिकारियों को समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर साप्ताहिक लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की मैदानी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में गुणवत्ता और संतुष्टि दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डीएफओ एस.के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक, श्रुति भयडिया, चंद्रसिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।