उज्जैन। सांदीपनि आश्रम में 4 सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर का पुजारी परिवार भगवान कृष्ण, बलराम, सुदामा, गुरु सांदीपनि और गुरु माता के लिए नीले रंग के मखमली वस्त्र तैयार करवा रहा है। पालने में विराजने वाले लड्डू गोपाल के लिए सफेद और गुलाबी रंग के खास परिधान बनाए जा रहे हैं।
चार महीने पहले शुरू होती है तैयारी
पुजारी परिवार की पंडित कीर्ति रूपम व्यास ने बताया कि जन्माष्टमी के लिए वस्त्र और श्रृंगार की तैयारियां करीब चार महीने पहले शुरू कर दी जाती हैं। कपड़े, रंग, रेशमी धागे और मोतियों का चयन भी काफी पहले कर लिया जाता है।
सूरत-जयपुर से मंगवाई सामग्री
भगवान के परिधानों पर जरदोजी, रेशमी धागों और मोतियों से कारीगरी की जा रही है। इसके लिए विशेष कपड़े, मोती और धागे सूरत, जयपुर और कलकत्ता से मंगवाए गए हैं। वस्त्रों के साथ भगवान के मुकुट, हार और अन्य श्रृंगार का सामान भी तैयार किया जा रहा है।
लड्डू गोपाल के लिए सफेद-गुलाबी वस्त्र
भगवान कृष्ण, बलराम जी, सुदामा जी, गुरु सांदीपनि और गुरु माता जी के लिए इस बार नीले रंग के वस्त्र बनाए जा रहे हैं। वहीं, पालने में विराजने वाले लड्डू गोपाल के लिए सफेद और गुलाबी रंग के खास परिधान तैयार किए गए हैं। इन कपड़ों को मोतियों और कारीगरी से सजाया जा रहा है।
3 सितंबर तक पूरी होंगी तैयारियां
पुजारी परिवार के अनुसार, 3 सितंबर तक भगवान के वस्त्र और श्रृंगार की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन भगवान इन्हीं विशेष परिधानों में दर्शन देंगे।