चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल में परिवार सहित बैठकर भोजन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर अत्यधिक यातायात के बीच इस तरह बैठकर भोजन करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ संबंधित लोगों एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बेगूं थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आरोली टोल से मेनाल होते हुए लाडपुरा तक का मार्ग आता है। मेनाल से लाडपुरा की ओर करीब दो किलोमीटर दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा हाईवे के दोनों ओर भारी वाहनों के सुरक्षित ठहराव एवं पार्किंग के लिए स्थल निर्धारित किया गया है।
हरियाली अमावस्या पर हाईवे पर था भारी यातायात-
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 को हरियाली अमावस्या के अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन काफी अधिक था। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन रोककर परिवार के साथ बैठकर भोजन किया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि शिव माहेश्वरी, निवासी शास्त्री नगर, चित्तौड़गढ़ ने अपने परिवार के साथ हाईवे के समीप बनाए गए उक्त पार्किंग स्थल पर वाहन रोककर भोजन किया था।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण-
पुलिस के अनुसार उक्त पार्किंग स्थल का निर्माण मुख्य रूप से वाहनों के सुरक्षित ठहराव एवं पार्किंग के लिए किया गया है। अत्यधिक यातायात वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप इस प्रकार बैठकर भोजन करने से संबंधित व्यक्तियों, उनके परिजनों तथा हाईवे से गुजरने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित होने की स्थिति सामने आई।
इस मामले में पुलिस थाना बेगूं ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार अग्रिम अनुसंधान एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।