शहडोल। बारिश शुरू होते ही जैतपुर तहसील कार्यालय भवन की बदहाल स्थिति सामने आने लगी है। भवन की छत से जगह-जगह पानी रिसने के कारण कार्यालय के कमरों और गलियारों में पानी जमा हो रहा है। पानी को रोकने के लिए कर्मचारियों को कमरों में बाल्टी और टब रखने पड़ रहे हैं। इससे तहसील कार्यालय में कामकाज प्रभावित हो रहा है और यहां आने वाले लोगों, कर्मचारियों तथा अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान छत से लगातार पानी टपकने के कारण तहसील कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेखों और अन्य सामग्री के भीगने का खतरा बना हुआ है। समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो पानी के लगातार रिसाव से पुराने और जरूरी दस्तावेज खराब हो सकते हैं। वहीं, फर्श पर पानी जमा होने से कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्य करने में भी परेशानी हो रही है।
तहसील कार्यालय में अपने प्रकरणों के सिलसिले में पहुंचने वाले अधिवक्ताओं और पक्षकारों की परेशानी भी बढ़ गई है। कार्यालय के कमरों और गलियारों में पानी भरने से बैठने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अधिवक्ताओं को दस्तावेजों के साथ पानी के बीच बैठकर काम करना पड़ रहा है। वहीं, प्रकरणों की सुनवाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए तहसील पहुंचने वाले पक्षकारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के मौसम में तहसील भवन की स्थिति को देखते हुए अब भवन की मरम्मत और जल रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की जरूरत महसूस हो रही है, ताकि कार्यालयीन कामकाज सुचारु रूप से चल सके और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को भी सुरक्षित रखा जा सके।