आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर खनिज ब्लॉकों की नीलामी और खाद वितरण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों एवं किसानों ने विरोध जताते हुए राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल की मौजूदगी में सौंपे ज्ञापन में खनिज ब्लॉक नीलामी की कार्रवाई निरस्त करने और किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बलदमुग, बड़ी खट्टाली, खेरवा, छोटी खट्टाली, डाबड़ी, नेहतड़ा, गुडाबड़ा, उबलड, चगदी, बेटवासा, कोसदुना सहित कई गांवों में खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया चल रही है। आरोप है कि विरोध के बावजूद शासन की ओर से लगातार पत्र जारी किए जा रहे हैं और ग्राम पंचायतों से नीलामी के पक्ष में प्रस्ताव पारित कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
महेश पटेल ने कहा कि आलीराजपुर अनुसूचित क्षेत्र है और यहां पेसा कानून लागू है। जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज की पहचान और पुरखों की विरासत है। ग्रामीण अपनी जमीन बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। सरकार को नीलामी प्रक्रिया तत्काल निरस्त करनी चाहिए।
वहीं किसानों ने खाद की टोकन व्यवस्था खत्म कर आधार, खाता और खसरा नकल के आधार पर तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की। विकासखंडवार पर्याप्त खाद का आवंटन, भंडारण और वितरण सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।