कुकड़ेश्वर। नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पिछले दिनों हनुमंतिया रोड पर सेंट्रल बैंक के पास हुए भयानक सड़क हादसे के बावजूद प्रशासन ने इससे कोई सबक नहीं लिया है। हादसे के बाद भी नगर में न तो पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था नजर आ रही है और न ही यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
नगर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त स्पीड ब्रेकर नहीं हैं और कई संवेदनशील स्थानों पर यातायात संकेतक भी दिखाई नहीं देते। हालात यह हैं कि बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर भी थाने का कोई पुलिसकर्मी नियमित रूप से तैनात नजर नहीं आता। लोग जहां वाहन खड़ा करना चाहते हैं, वहीं खड़े कर देते हैं और उन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नजर नहीं आता।
सड़क पर ही लग रहा सब्जी बाजार
कुकड़ेश्वर में बड़ी सब्जी मंडी का निर्माण होने के बावजूद कई सब्जी विक्रेता मंडी में बैठने के बजाय सड़क किनारे खड़े होकर सब्जियां बेचते हैं। इसके कारण सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। खरीदारी करने आने वाले लोग भी अपने वाहन सड़क पर कहीं भी खड़े कर देते हैं, जिससे मार्ग और अधिक संकरा हो जाता है।
नगरवासियों का कहना है कि जब सब्जी मंडी बनाई गई है तो सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित रूप से मंडी के अंदर बैठाया जाना चाहिए। सड़क पर लगने वाली दुकानों और बेतरतीब पार्किंग पर भी प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रमुख मार्गों पर हर समय यातायात का दबाव
विश्राम गृह से लेकर भगवान महावीर शासकीय चिकित्सालय तक, पटवा पेट्रोल पंप क्षेत्र, बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, सब्जी मंडी, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, कन्या शाला, मुखर्जी चौक सहित कई स्थानों पर दिनभर यातायात का दबाव बना रहता है।
इन मार्गों पर सरकारी कार्यालय, स्कूल, बैंक, पोस्ट ऑफिस, पुलिस थाना सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान होने के कारण लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
वन विभाग नाके से सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर मार्ग भी असुरक्षित
वन विभाग नाके से श्री सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर तक के मार्ग पर भी पर्याप्त स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण तेज गति से चलने वाले वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां भी यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।
नागरिकों ने कहाकृव्यवस्था नहीं सुधरी तो हो सकता है बड़ा हादसा
नगर के सुरेश , शुभम, मनोज, गिरजा शंकर सहित कई नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि कुकड़ेश्वर की यातायात व्यवस्था यदि जल्द नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पिछले दिनों सेंट्रल बैंक के सामने हुई घटना ने पहले ही व्यवस्था की पोल खोल दी है। इसके बावजूद यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो किसी गंभीर दुर्घटना के बाद जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।
नागरिकों ने प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, एएनपीआर/एएलपीआर कैमरे, पर्याप्त स्पीड ब्रेकर और यातायात संकेतक लगाने, बस स्टैंड एवं प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा सड़क पर होने वाले अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने की मांग की है।
सवाल यह हैकृआखिर प्रशासन कब जागेगा?
कुकड़ेश्वर की सड़कों पर जिस तरह लोग मनमर्जी से वाहन खड़े कर रहे हैं, सड़क किनारे दुकानें और सब्जी विक्रेता बैठे हैं तथा यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने वाला कोई प्रभावी सिस्टम नजर नहीं आ रहा है, उससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पिछले दिनों हुए दर्दनाक हादसे के बाद भी यदि प्रशासन नहीं जागा, तो फिर कब जागेगा? नगरवासियों की मांग है कि किसी और बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय प्रशासन तत्काल यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए।