शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में बदरवास जनपद अध्यक्ष मीरा बाई को मंच से संबोधित करने का मौका नहीं दिया गया। इससे नाराज जनपद अध्यक्ष ने कार्यक्रम के बाद अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की और पूरे मामले को लेकर खरी-खरी सुनाई।
मीरा बाई का आरोप है कि वह जनपद अध्यक्ष होने के नाते कार्यक्रम में मंच से अपनी बात रखना चाहती थीं, लेकिन उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक महेंद्र यादव पर उन्हें मंच से बोलने से रोकने का आरोप लगाया। जनपद अध्यक्ष की नाराजगी का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
सवाल उठ रहे हैं कि जब कार्यक्रम में निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद थीं और वह मंच से अपनी बात रखना चाहती थी, तो आखिर उन्हें मंच से अपनी बात रखने का मौका क्यों नहीं दिया गया। मीरा बाई ने मौके पर ही अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मान होना चाहिए और उन्हें अपनी बात रखने का समान अवसर मिलना चाहिए।
मीरा बाई के आरोपों के बाद अब इस पूरे मामले को लेकर सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, विधायक की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि जनपद अध्यक्ष के आरोपों पर विधायक या कार्यक्रम से जुड़े जिम्मेदार लोग क्या सफाई देते हैं।