चित्तौड़गढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को यातायात पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने पर 91 चालान, लेन ड्राइविंग नियम का उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 12 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर नियमित निगरानी के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश भी दी जा रही है।
इन स्थानों पर विशेष निगरानी-
यातायात पुलिस द्वारा सेमलपुरा चौराहा, होटल कमल खराजा, रिठोला टोल प्लाजा, ओछड़ी पुलिया व नाका, मधुवन चौराहा, भेरूनाथ होटल के पास गंगरार, मेवाड़ यूनिवर्सिटी के सामने हाईवे, कोर्ट पुलिया, गंगरार पुलिया, बाड़ोली माधोसिंह चौराहा, रानीखेड़ा चौराहा, बांगरेड़ा मामादेव, सरहद भावलिया, कल्लाजी वैदिक यूनिवर्सिटी के सामने, कृष्णा होटल के पास कट, जलिया चेक पोस्ट, मोदी पेट्रोल पंप से कपासन चौराहा, रोलाहेड़ा पुलिया, पालका नेशनल हाईवे कट, नपावली, सरखण्डा, जालमपुरा पुलिया, अरनिया पंथ, पंचदेवला, होड़ा चौराहा, कृष्णा होटल एवं फैमिली रेस्टोरेंट, सरहद नरधारी, नितिन फैक्ट्री माण्डना एवं तेजपुर चौराहा पारसोली सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर नजर-
यातायात पुलिस की टीमें ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित मार्गों पर नियमित गश्त कर रही हैं। इस दौरान तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, क्षमता से अधिक सवारी या माल परिवहन सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों की पालना के लिए समझाइश दी जा रही है। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
नियमों की पालना से सुरक्षित होगा सफर-
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों की पूर्ण पालना करने की अपील की। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट एवं अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। सुरक्षित यातायात के लिए नियमों की पालना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।