नीमच। मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चलित खाद्य प्रयोगशाला, नीमच द्वारा 11 सितंबर को संदीपनी शासकीय कन्या विद्यालय एवं पीएम श्री शासकीय कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, स्वस्थ खान-पान और पैकेज्ड खाद्य सामग्री की खरीदारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन, नीमच के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में खाद्य सुरक्षा टीम एवं केमिस्ट ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को मसालों एवं मिठाइयों में होने वाली मिलावट तथा उसकी प्राथमिक पहचान के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को मसालों में अखाद्य रंगों की पहचान की मौके पर जांच कर समझाया गया। साथ ही बताया गया कि कुछ प्राथमिक जांच सावधानीपूर्वक घर पर भी की जा सकती हैं। मिठाइयों में स्टार्च की उपस्थिति की जांच के लिए आयोडीन के माध्यम से होने वाली जांच का प्रदर्शन भी किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि स्टार्च की उपस्थिति में आयोडीन के संपर्क में आने पर गहरा नीला रंग दिखाई देता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फूड फोर्टिफिकेशन के बारे में भी जानकारी दी गई। नमक, चीनी और तेल का सीमित मात्रा में उपयोग करने तथा इनके अत्यधिक सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
पैकेज्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय विद्यार्थियों को पैकेट पर अंकित लेबल, सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी एवं आवश्यक निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद ही खाद्य पदार्थ खरीदने की समझाइश दी गई।
दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी तथा खाद्य सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।