मुरैना। लेह लद्दाख में तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवान नीरज शर्मा पुत्र सुदामा प्रसाद शर्मा उम्र 40 वर्ष का जब तिरंगे में लिपटा हुआ शव आया तो पूरे गांव में हाहाकार मच गया। शहीद को अंतिम विदाई देने हजारों लोग इकट्ठे हुए। भौंती निवासी नीरज शर्मा आई टी वी पी में लेह लद्दाख में तैनात था। पिछले दिनों वह छुट्टियों पर घर आये थे। दो दिन पहले जब घर से गये तो कह कर गये थे कि अगली बार की छुट्टियों में ज्यादा दिन रुकूँगा। नीरज के पिता दिल्ली तक उसके साथ गए थे। दिल्ली से उसे लेह लद्दाख जाना था। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही उसकी तवियत खराब हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया पर उसकी सांसे थम गईं। आई टी वी पी के जवानों ने उसे विदाई देकर वाहन से घर पर भेज दिया। अंतिम संस्कार में आई टी वी पी के जवानों ने अंतिम सलामी दी।गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शोक गीत बजाया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नीरज शर्मा अपने पीछे बूढ़े मां बाप छोटे भाई एवं एक बेटी को छोड़ गए।