शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पत्नी और उसके परिजनों से सुरक्षा की गुहार लगाई। दीपक जाटव ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पत्नी पर मानसिक रूप से परेशान करने, आए दिन विवाद करने और दहेज एक्ट सहित अन्य झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
दीपक जाटव के अनुसार उसकी शादी डगरवाहा, जिला झांसी निवासी दीपा जाटव से हुई थी। दोनों की एक पुत्री भी है। दीपक का आरोप है कि पत्नी लंबे समय से उसे और उसके परिवार के सदस्यों को मानसिक रूप से परेशान कर रही है। आए दिन लड़ाई-झगड़ा करने के साथ ही दहेज एक्ट सहित अन्य प्रकरणों में फंसाने की धमकी दी जाती है।
दीपक ने बताया कि वर्तमान में उसकी पत्नी और बच्ची मायके में रह रहे हैं। ऐसे में उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पत्नी और उसके परिजनों को बुलाकर उचित समझाइश देने और मामले का निराकरण कराने की मांग की है।
आवेदन के माध्यम से दीपक ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी गुहार लगाई है। पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।