छतरपुर। जिले के चंद्रनगर ग्राम की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन उत्साह और धार्मिक माहौल के बीच किया गया। शताब्दी वर्ष के अवसर पर ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर पूरे गांव को दीपों से रोशन किया। गांव का नजारा दीपावली जैसा दिखाई दिया और आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शताब्दी समारोह के तहत नेहरू पार्क स्थित गायत्री मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, ग्राम में चल रही साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का भी पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। कथा समापन के बाद ग्रामवासियों की ओर से हनुमान जी को ध्वज अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नेहरू पार्क स्थित गायत्री मंदिर प्रांगण में पूज्य बागेश्वर सरकार का ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्राम के वरिष्ठजनों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पथरियाखाड़े हनुमान जी का चित्र और श्रीफल भेंट किया गया।
बागेश्वर सरकार ने चंद्रनगर ग्राम की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर समस्त ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ग्राम की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
शताब्दी वर्ष समारोह में ग्राम पंचायत के सरपंच राकेश ‘बबलू’ कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा।