चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश योगिता पारीक की अध्यक्षता में एडीआर भवन जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर चित्तौड़गढ़ के अवकाशागार में हिट एंड रन जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजन किया गया।
बैठक में सचिव योगिता पारीक ने हिट एंड रन प्रकरणों में एफ.आई.आर दर्ज होने पर संबंधित थानाधिकारी को सर्वप्रथम घायलों/पीड़ितों/मृतको के परिजनों को सूचना देने ,परिजनों को प्रतिकर स्कीम के बारे में बताए जाने, संबंधित तहसीलदार/एस.डी.एम ऑफिस में आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत करने संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिसमें उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) भूराराम खिलेरी को निर्देशित किया कि हिट एण्ड रन की अज्ञात वाहनों की दुर्घटनाओं की समस्त एफ आई आर. को संबंधित दावा जांच अधिकारी को तत्समय पर प्रेषित करावें ताकि उनमें दावा जांच अधिकारी द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा सके। जिला परिवहन अधिकारी दयाशंकर गुप्ता ने बताया कि हिट एंड रन के संबंध में जिला कलेक्टर एवं दावा निपटान आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया है जिसमें केसों का निस्तारण किया गया। हिट एंड रन मामले में प्राप्त एफआईआर की सूचनाओं में से वास्तविक अज्ञात वाहन दुर्घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। प्राधिकरण सचिव ने बैठक में उपस्थित अधिकारीगण को निर्देशित किया कि अज्ञात वाहनों की एफआईआर के संबंध में त्वरित कार्यवाही कर दावा निपटान आयुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रखें एवं आवश्यक कार्यवाही करें।