बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय शहीद भीमा नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में खेल मैदान की मूलभूत सुविधाओं सहित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह गुरुवार को दूसरे दिन हंगामे के बीच रात करीब 9 बजे समाप्त हो गया। छात्र अपनी मांगों के निराकरण के लिए लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
देर शाम आंदोलन के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। छात्रों ने प्राचार्य की गाड़ी के सामने लेटकर रास्ता रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में प्राचार्य को कमरे से बाहर निकालकर सुरक्षा के बीच कॉलेज परिसर से बाहर ले जाया गया। पुलिस सुरक्षा में प्राचार्य को सुरक्षित उनके घर तक छोड़ा गया।
प्राचार्य को बाहर निकालने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच स्थिति को लेकर तनाव बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज परिसर में मौजूद छात्रों को बाहर किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। रात करीब 9 बजे हंगामे के बीच छात्रों का आंदोलन समाप्त हो गया। छात्रों की 17 सूत्रीय मांगों और आगे की कार्रवाई को लेकर अब कॉलेज प्रशासन के अगले कदम पर नजर है।