कालापीपल। मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा कालापीपल द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न बीमा, पेंशन और फसल बीमा योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध है। वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष की आयु के व्यक्ति 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा लाभ ले सकते हैं।
इसके अलावा, अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि 60 वर्ष की आयु के बाद पात्रतानुसार 5 हजार रुपये तक मासिक पेंशन का प्रावधान है।
ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि फसल खराब होने की स्थिति में 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर क्लेम किया जा सकता है। योजना के लिए आवेदन एमपी ऑनलाइन या मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक की कालापीपल शाखा में किया जा सकता है।
शिविर में बैंक स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।