चित्तौड़गढ़। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (टीपीफ), चित्तौड़गढ़ शाखा का शपथ ग्रहण समारोह रविवार 11 अक्टूबर को तेरापंथ भवन, चित्तौड़गढ़ में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के मंगलाचरण के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि टीपीएफ सेंट्रल-1 ज़ोन की अध्यक्ष रेखा जैन, मेधावी एलुमनी की नेशनल को-कन्वीनर सुमन बडोला तथा मेधावी सम्मान की को-कन्वीनर डॉ. प्रियंका ढीलीवाल थी। इस अवसर पर सभा अध्यक्ष रजनीश खाब्या, महिला मंडल अध्यक्ष प्रीति बाबेल एवं टीपीएफ के संस्थापक डॉ. बीएल खाब्या सहित आमंत्रित अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सचिव शानु सुराणा ने बताया कि कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अतुल खाब्या ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए अपने अनुभव और विचार प्रस्तुत किए। इसके पश्चात उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष उदित जैन को अध्यक्ष पद की पिन प्रदान कर सम्मानित किया। नव निर्वाचित अध्यक्ष उदित जैन ने अपने आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना, प्राथमिकताओं एवं भावी दृष्टिकोण को साझा किया। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में टीपीएफ सेंट्रल-1 ज़ोन की अध्यक्ष रेखा जैन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सभी पदाधिकारियों को संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन एवं विचारों से उपस्थित सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय स्तर पर भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा में 16वीं रैंक प्राप्त करने पर अनुष्का बाबेल का सम्मान किया गया।
समारोह में कमल जैन, ज्ञान कवाड़िया, सीए श्रेयान ढीलीवाल, मुदित जैन, दीपक जैन, अंकिता जैन, डॉ. ऋतु खाब्या, ऋतु सुराणा, यश पोखरना, ऋत्विका पोखरना, सीए निकिता पोखरना सहित फोरम के अनेक सदस्यों की सहभागिता रही। संचालन अन्नू सुराणा ने किया। सचिव शानू सुराणा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों का आभार जताया।
समारोह का समापन संगठन के प्रति नई ऊर्जा, प्रतिबद्धता एवं सेवा-भाव के संकल्प के साथ हुआ। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, चित्तौड़गढ़ शाखा ने भविष्य में भी सेवा, संस्कार, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।