भोपाल। बाग मुगालिया एक्सटेंशन में सड़क निर्माण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए रहवासियों ने सड़क पर बैठकर सुंदरकांड का पाठ किया। हनुमानजी से सीमेंट सड़क की अर्जी लगाते हुए भजन गाए- ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सीमेंट सड़क की मांग कर डारी’ और ‘आरती कीजै हनुमान लला की, सीमेंट की रोड बने यहां की।’
रहवासियों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने एचआईजी क्षेत्र की छोटी-छोटी गलियों में भी सीमेंट सड़क बना दी, जबकि एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के करीब 800 घरों के सामने डामर सड़क बनाई जा रही है।
इसी भेदभाव के विरोध में अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के लिए सुंदरकांड किया गया। कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने कहा कि प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए। पाठ के दौरान लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं किया गया।