नीमच। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन भी मालवा की वैष्णोदेवी और आरोग्य धाम के रूप में प्रसिद्ध मां भादवामाता मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। माता के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के चलते मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। वहीं, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
इसी के मद्देनजर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास अचानक मां भादवामाता मंदिर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली तथा मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल की व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी व्यास ने नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद है, ताकि भक्त सुगमता से माता के दर्शन कर सकें और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।