शाजापुर/पोलायकला। शाजापुर जिले में अवैध सट्टे के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। पोलायकला पुलिस चौकी के नवागत प्रभारी रमेशचंद्र यादव ने प्रभार संभालते ही अवैध गतिविधियों के खिलाफ सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर शासकीय अस्पताल के समीप लोह कुट्टे की झोपड़ी के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 12 हजार 800 रुपए का सट्टा पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध सट्टे पर प्रतिबंध के निर्देशों के बावजूद इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह तारणेकर, एसडीओपी बेरछा नागेंद्र प्रताप सिंह एवं थाना प्रभारी रामेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में नवागत चौकी प्रभारी रमेशचंद्र यादव द्वारा की गई।
प्रभार संभालते ही चौकी प्रभारी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, अवैध सट्टे जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्रवाई में इनका रहा विशेष सहयोग
इस पूरी कार्रवाई में आरक्षक तेजसिंह सैधव, सैनिक भगवानसिंह, करणसिंह एवं रामसिंह वर्मा का विशेष सहयोग रहा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया है।