तराना/माकड़ोन। कृषि उपज मंडी समिति तराना की उपमंडी माकड़ोन में लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक रोशन आर्य और सहायक कर्मचारी संतोष भाटी को कथित तौर पर 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद मंडी परिसर में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित का आरोप है कि मंडी से बिना मंडी सरकारी टैक्स दिए माल बाहर निकालने के एवज में उससे प्रति बोरी 10 रुपए की मांग की जा रही थी। कथित अवैध वसूली से परेशान होकर पीड़ित ने लोकायुक्त से शिकायत की। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
प्रति बोरी वसूली के आरोप से उठे सवाल
मंडी में माल निकासी के बदले कथित तौर पर प्रति बोरी 10 रुपए की मांग किए जाने के आरोप ने मंडी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मामले में लोकायुक्त की जांच के दौरान रिश्वत की मांग, कथित वसूली और अन्य संबंधित तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल, मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। कार्यवाही में, राजेश पाठक डी एस पी, दीपक शेजवार, आदि लोकायुक्त के कर्मचारी शामिल थे।