नीमच। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की ओर से ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण-
शिविर में जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ और नेत्र चिकित्सक ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। विभिन्न बीमारियों की पहचान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के आकलन के लिए सीबीसी (CBC), लिपिड प्रोफाइल, किडनी फंक्शन टेस्ट (RFT) और लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) सहित विभिन्न रक्त जांचों के लिए नमूने भी एकत्रित किए गए।
चिकित्सकीय एवं विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी रहे उपस्थित-
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी नीमच प्रवीण कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा यादव, बीएमओ डॉ. प्रमोद पाटीदार तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्जुन श्रीवास्तव और डॉ. मनीषा पाल ने सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर कमलाशंकर विश्वकर्मा एवं भरतराम पाटीदार, ग्राम पंचायत सचिव बंशीदास बैरागी, सरपंच प्रतिनिधि कमल डाबर सहित चिकित्सा स्टाफ और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास-
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने तथा जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ सुलभ कराने का प्रयास किया जा रहा है।