नीमच। शहर के बघाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 40 में बदहाल सड़क और नाली की समस्या से रहवासी परेशान हैं। क्षेत्र में सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से भरी सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं, सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
रहवासियों के अनुसार, बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे कीचड़ और गंदगी फैलती है। इससे आवागमन में परेशानी होने के साथ ही आसपास का वातावरण भी प्रभावित होता है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वे कई बार स्थानीय पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें आश्वासन ही मिले हैं। लोगों का सवाल है कि चुनाव के चार साल तीन महीने बीत जाने के बावजूद वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का अभाव क्यों बना हुआ है? आखिर जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या का समाधान कब करेंगे?
रहवासियों ने नगर पालिका से जल्द सड़क और नाली का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।