छतरपुर। नशामुक्त बुंदेलखंड और सनातन हिंदू एकता का संकल्प लेकर निकली बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा छतरपुर में संपन्न हो गई। करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर पांच जिलों से गुजरी इस यात्रा का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। यात्रा के दौरान जनसभाओं के माध्यम से हजारों गांवों और नगरों तक सामाजिक एकता, जातिगत भेदभाव मिटाने और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।
यात्रा के दौरान लोगों से हिंदू समाज में एकजुटता बनाए रखने, आपसी भेदभाव समाप्त करने और नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और समाज को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना रहा।
विरोध के बीच यात्रा पूरी होने पर बोले बागेश्वर सरकार
यात्रा के समापन पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि विरोधियों को लगता था कि यह यात्रा पूरी नहीं हो पाएगी, लेकिन सनातनियों के सहयोग और समर्थन से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने कहा, देश को बाद में जगाया जाए, पहले अपने घर को जगाया जाए। उनके इस संदेश में परिवार और समाज से बदलाव की शुरुआत करने पर जोर दिया गया।
बेटियों को सशक्त बनाने का संदेश
बागेश्वर सरकार ने बेटियों को सशक्त बनाने और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करने की बात भी कही। उन्होंने यात्रा के दौरान मिले सहयोग, स्नेह और समर्थन के लिए सनातन समाज के प्रति आभार जताया। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि लोगों ने जो प्रेम दिया है, उसका कर्ज वे जीवनभर नहीं चुका पाएंगे।
जयघोष के साथ यात्रा का समापन
पांच दिनों तक चले इस अभियान के समापन पर बागेश्वर सरकार ने जयघोष करते हुए कहा, बालाजी तेरे राज में, धक-धक धरती पर, चित्र बागेश्वर बालाजी का वाई-फाई चले!
सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के समापन के साथ आयोजकों ने नशामुक्ति, सामाजिक समरसता, जातिगत भेदभाव मिटाने और हिंदू समाज को एकजुट रखने के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।