भगवानपुरा। क्षेत्र में इन दिनों शारदीय नवरात्रि का उत्साह चरम पर है। जगह-जगह गरबा पंडालों में आकर्षक गरबों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, वहीं माता रानी की आराधना का दौर भी जारी है। नगर के राजीव गांधी सभागृह परिसर में जय ज्वाला पैनल द्वारा सजाए गए गरबा पंडाल में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
गरबा पंडाल में 200 से अधिक छोटी-बड़ी बालिकाएं गरबा कर रही हैं। वहीं महिलाएं, पुरुष और युवक-युवतियां भी गरबा देखने पहुंच रहे हैं। परिसर में मां दुर्गा की साढ़े छह फीट ऊंची प्रतिमा विराजित की गई है। पंडित सत्यनारायण शर्मा द्वारा माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।
प्रतिदिन रात्रि में होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में देवीभक्त शामिल हो रहे हैं। आरती के दौरान महाप्रसादी का वितरण भी किया जा रहा है। इससे पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
जय ज्वाला पैनल के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि की नवमी पर हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद बालिकाओं का पूजन कर कन्याभोज कराया जाएगा। वहीं दशहरे पर जुलूस निकालकर विशाल रावण दहन किया जाएगा। इस दौरान रंगारंग आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
भगवानपुरा सहित आसपास के गांवों में भी नवदुर्गा उत्सव का उल्लास बना हुआ है। जगह-जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं और श्रद्धालु उत्साह के साथ माता रानी की आराधना में जुटे हैं।