बड़वानी। इस बार दशहरे पर शहरवासियों को खास नजारा देखने को मिलेगा। नगर पालिका दशहरा उत्सव में 51 फीट ऊंचे रावण और 40-40 फीट के मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन करेगी। इस बार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो मुख्य आकर्षण होगा। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान, उपाध्यक्ष सुभाष भावसार और पार्षदों ने सतपुड़ा कॉलोनी में पुतलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने दशहरा मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने बताया कि रावण दहन से पहले आकर्षक आतिशबाजी होगी। इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो को खास तरीके से पेश किया जाएगा। नगर पालिका ने लोगों की सुविधा के लिए बिजली, पानी और पार्किंग की व्यवस्था की है। अधिकारियों को सभी इंतजाम ठीक रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका ने पुतलों पर करीब ढाई लाख रुपये खर्च किए हैं।